Film GossipsReview & information

छत्तीसगढ़ी सिनेमा में संजय बत्रा की दमदार वापसी, 31 जुलाई को रिलीज होगी ‘जान लेबे का’

साल 2022 में इश्क म रिस्क हे में आए थे नजर

रायपुर। हिंदी टेलीविजन और फिल्मों में अपनी अलग पहचान बना चुके अभिनेता संजय बत्रा एक बार फिर छत्तीसगढ़ी सिनेमा में वापसी कर रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘जान लेबे का’ 31 जुलाई को प्रदेशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन आलेख चौधरी ने किया है, जबकि इसमें छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लोकप्रिय कलाकार मन कुरैशी, लक्षित झांझी और दीक्षा जायसवाल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
संजय बत्रा इससे पहले भी कई छत्तीसगढ़ी फिल्मों में अपने अभिनय का दम दिखा चुके हैं। वहीं हिंदी टीवी जगत में उन्होंने बालिका वधू, इस प्यार को क्या नाम दूँ, पिया रंगरेज, छोटी बहू सहित कई चर्चित धारावाहिकों में अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाया है। लंबे समय बाद वे एक बार फिर छत्तीसगढ़ी दर्शकों के बीच बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं।
फिल्म की कहानी, संगीत और कलाकारों की जोड़ी को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। निर्माता  लक्ष्मी जायसवाल और पूरी टीम को उम्मीद है कि यह फिल्म मनोरंजन के साथ दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाएगी। बता दें कि इससे पहले बत्रा साल 2022 में आलेख चौधरी की ही फिल्म इश्क म रिस्क हे में नजर आए। थे। नई पीढ़ी को बताना लाजिमी होगा कि बत्रा ने परदेसी के  मया में खूब सुर्खियां बटोरीं थी। कारी में भी उनके काम को काफी पसंद किया गया था

छत्तीसगढ़ मेरी मिट्टी है: संजय बत्रा 


सिनेमा 36 से बातचीत में अभिनेता संजय बत्रा ने कहा, छत्तीसगढ़ मेरी मिट्टी है और यहां के दर्शकों का प्यार हमेशा मेरे दिल के बेहद करीब रहा है। ‘जान लेबे का’ मेरे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि अपने लोगों के बीच वापसी का एक खूबसूरत अवसर है। मुझे पूरा विश्वास है कि दर्शक फिल्म की कहानी और सभी कलाकारों के अभिनय को पसंद करेंगे। मैं चाहता हूं कि परिवार के साथ अधिक से अधिक लोग सिनेमाघरों में आएं और छत्तीसगढ़ी सिनेमा को अपना भरपूर प्यार दें।

Related Articles

Back to top button