किरदार पर भरोसा, परिवार पर यकीन… अनुराग शर्मा बोले- ‘बलि’ को घरवालों के साथ ही देखूंगा
ओपन मीट में सिंगर से अभिनेता बने अनुराग बोले- वे फिल्म को फिल्म और किरदार को किरदार की तरह ही देखेंगे

रायपुर। पुरानी बस्ती स्थित अग्रवाल भवन में आयोजित ओपन मीट के दौरान सिंगर से अभिनेता बने अनुराग शर्मा से पूछा गया कि जिस तरह का उनका किरदार है, क्या वे फिल्म के प्रीमियर में अपने परिवार को साथ लेकर जाएंगे? इस पर अनुराग शर्मा ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह जरूर अपने परिवार के साथ फिल्म देखने जाएंगे।
उन्होंने कहा, मैं मूल रूप से एक सिंगर हूं और पहली बार किसी फिल्म में अभिनय कर रहा हूं। अगर मैं भी बाकी अभिनेताओं की तरह लगातार फिल्में कर रहा होता तो शायद यह सवाल ही नहीं उठता। लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि मेरा परिवार फिल्म को फिल्म और किरदार को किरदार की तरह ही देखेगा।
अनुराग ने कहा कि परिवार का साथ और समझ उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए वह चाहते हैं कि अपनी पहली फिल्म ‘बलि’ का अनुभव भी अपने परिवार के साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि दर्शक और परिवार दोनों यह समझते हैं कि पर्दे पर निभाया गया किरदार कलाकार की निजी जिंदगी नहीं होता, बल्कि उसके अभिनय का हिस्सा होता है।




