हीरो बनने के लिए बालों का होना जरूरी नहीं, दुनिया के कई बड़े सितारे भी गंजे हैं, लेकिन उनकी पहचान उनके काम से है
‘बलि’ के अभिनेता ने युवाओं को दिया संदेश, कहा- मौका मांगने से पहले खुद को काबिल बनाओ, संघर्ष से मिली है पहचान

रायपुर. 19 जून को रिलीज होने जा रही छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘बलि’ को लेकर पुरानी बस्ती स्थित अग्रवाल भवन में आयोजित ओपन मीट में फिल्म के अभिनेता विशाल दुबे ने बेहद बेबाक अंदाज में अपने संघर्ष, सफलता और युवाओं के लिए संदेश साझा किए। बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि सिर्फ हीरो बनने के सपने देखने से कुछ नहीं होता, पढ़ाई और मेहनत ही इंसान को आगे ले जाती है।
ट्रेलर देखिए
विशाल दुबे ने कहा, मैं कभी नाम या शोहरत के पीछे नहीं भागा। मेरे लिए सबसे बड़ी पूंजी मेहनत और आत्मविश्वास है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि किसी से मौका मांगने से पहले खुद को उस लायक बनाना जरूरी है। अगर प्रतिभा और मेहनत होगी तो अवसर खुद रास्ता खोज लेगा।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि हीरो बनने के लिए बालों का होना जरूरी नहीं है। दुनिया के कई बड़े सितारे भी गंजे हैं, लेकिन उनकी पहचान उनके काम से है। उन्होंने कहा कि इंसान का आत्मविश्वास और प्रतिभा ही उसकी असली ताकत होती है। बता दें कि कुछ महीने पहले विशाल के विग लगाए जाने की खबरें सामने आई थी। सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर विशाल ने इस बात को न सिर्फ़ स्वीकार किया बल्कि जवाब भी दिया।
‘बलि’ में अपने किरदार को लेकर विशाल दुबे ने ज्यादा खुलासा नहीं किया, लेकिन इतना जरूर कहा कि दर्शकों को फिल्म में कुछ नया और दमदार देखने को मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि यह फिल्म दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी।
ओपन मीट के दौरान विशाल दुबे का सहज और हास्य से भरपूर अंदाज लोगों को खूब पसंद आया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनसे फिल्म, संघर्ष और करियर से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने खुलकर जवाब दिया। ‘बलि’ 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




