Film GossipsMotivational StoryRaipur WalkReview & information

11 राज्यों से 162 फिल्में, रूस से भी पहुंची एंट्री

साइबर जागृति अभियान में रायगढ़ पुलिस ने 2 लाख लोगों को जोड़ा, विजेताओं को 3.75 लाख रुपए की पुरस्कार राशि

रायपुर। सायबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने रायगढ़ पुलिस की लघु फिल्म प्रतियोगिता का समापन एवं सम्मान समारोह शनिवार को हुआ। ‘संकल्प : साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में 11 राज्यों के 35 जिलों से 162 फिल्म प्रविष्टियां मिलीं। रूस से भी एक फिल्म आई। सात सप्ताह चले साइबर जागृति अभियान के दौरान रायगढ़ में करीब 2 लाख लोगों को जागरूकता अभियान से जोड़ा गया।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने युवाओं से साइबर जागरूकता के दूत बनकर परिवार और समाज को सुरक्षित रखने की अपील की। सांसद विजय बघेल ने जनहित में एआई और आधुनिक तकनीक के उपयोग को जरूरी बताया। प्रतियोगिता में 3 से 6 मिनट की श्रेणी में ‘दूसर छोर’ प्रथम, ‘जरूरत’ द्वितीय और ‘गुपचुप ठेला’ तृतीय रही। 1 से 3 मिनट की श्रेणी में ‘एक्सेस लिंक’ प्रथम, ‘डायल 1930’ द्वितीय और ‘गोल्डन ऑवर’ तृतीय रही। दोनों श्रेणियों में कुल 3.75 लाख रुपए पुरस्कार दिए गए। समारोह में रायगढ़ पुलिस की शॉर्ट फिल्म ‘द साइबर ट्रैप’ का प्रीमियर भी हुआ। इस दौरान ट्रिपलआईटी नया रायपुर के डायरेक्टर ओपी व्यास भी मौजूद थे।

कार्यक्रम में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साइबर जागृति अभियान एवं लघु फिल्म प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध हमारे सामने एक नई चुनौती के रूप में उभर रहा है। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान”
चलाया गया। अभियान के सात सप्ताह के दौरान रायगढ़ जिले में विभिन्न माध्यमों से लगभग 2 लाख लोगों को साइबर जागरूकता अभियान से जोड़ा गया। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के अंतर्गत संकल्प : साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ थीम के साथ लघु फिल्म प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य साइबर सुरक्षा के संदेश को युवाओं की रचनात्मकता के माध्यम से समाज तक पहुंचाना था।

इस जागरूकता फिल्म में मुख्य किरदार के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अनिल सोनी, मयंक मिश्रा, उत्तम प्रताप सिंह, राकेश मिश्रा, उत्कर्ष श्रीवास्तव, सानिया गुप्ता, लीना ठाकुर, दिपेश महंत, हर्ष बैरागी तथा रायगढ़ पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी नजर आएंगे । फिल्म की कहानी एवं निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह द्वारा किया गया है।

प्रतियोगिता के आयोजन में रोटरी क्लब रायगढ़ का विशेष सहयोग रहा तथा प्रबंधन की जिम्मेदारी Take 3 Studios द्वारा संभाली गई। उन्होंने बताया कि साइबर जागरूकता अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा आम नागरिकों को साइबर अपराधों के नए तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार की गई एक विशेष साइबर अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म The Cyber Trap की स्क्रीनिंग की गई। फिल्म The Cyber Trap लघु फिल्म प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं है, बल्कि आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अलग से तैयार की गई है।

निर्णायक मंडल में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त फिल्म भूलन: द मेज के निर्देशक मनोज वर्मा, योगेंद्र चौबे तथा सुनील चिपड़े शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने बताया कि प्रतियोगिता में प्राप्त फिल्में गुणवत्ता और रचनात्मकता की दृष्टि से अत्यंत प्रभावशाली थीं। दोनों श्रेणियों में शीर्ष तीन फिल्मों का चयन बेहद कठिन रहा और कई प्रविष्टियों के बीच अंतर बहुत कम था।

 

 

 

Related Articles

Back to top button