
रायपुर। छत्तीसगढ़ी कमर्शियल सिनेमा के स्तंभ माने जाने वाले सतीश जैन लगातार हिट फिल्में दे रहे हैं। हंस झन पगली फंस जाबे से लेकर मोर छैंया भुईंया 3 तक। मगर दिलचस्प बात यह है कि फिल्में ब्लॉकबस्टर होती जा रही हैं, लेकिन कलेक्शन का ग्राफ धीरे-धीरे नीचे आ रहा है।
यह कहना कि सतीश जैन की फिल्मों की कमाई घट रही है, सुनने में भले ही अतार्किक लगे क्योंकि रिकॉर्ड अब भी उन्हीं की फिल्मों के नाम दर्ज हो रहे हैं। पर अगर हम पिछले चार बड़े प्रोजेक्ट्स के आंकड़ों पर नज़र डालें तो साफ दिखाई देता है कि टिकट बिक्री और कलेक्शन में अंतर आया है।
बहुत पीछे जाने की जरूरत नहीं। शुरुआत करते हैं मन कुरैशी और अनिकृति चौहान स्टारर फिल्म हंस झन पगली फंस जाबे से। यह फिल्म जबरदस्त हिट रही। इसके बाद आई ले शुरू होगे मया के कहानी, जिसने अच्छा बिजनेस तो किया, लेकिन हंस झन की ऊंचाई को नहीं छू सकी। इसके बाद 2024 में रिलीज हुई मोर छैंया भुईंया 2 ने जबरदस्त कमाई की लेकिन 2025 में आई मोर छैंया भुईंया 3 उतने आंकड़ों तक पूरी तरह नहीं पहुंच सकी।
कमाई में गिरावट या संतुलन की तलाश?
अगर कलेक्शन की तुलना की जाए तो हर अगली फिल्म कंटेंट और स्केल में आगे दिखती है, लेकिन कमाई में वह ग्रोथ नहीं दिखती जो पहले देखी जा रही थी। ऐसे में सवाल उठता है क्या दर्शकों का स्वाद बदल रहा है? या क्या डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की मौजूदगी थिएटर कलेक्शन को प्रभावित कर रही है?
अब सबकी निगाहें सतीश जैन की आगामी फिल्म ‘झन भूलव मां-बाप 2’ पर टिकी हैं, जो 1 मई 2026 को रिलीज होगी। यह देखना रोचक होगा कि क्या यह फिल्म हंस झन की बराबरी कर पाएगी या मोर छैंया भुईंया 2 और 3 के आसपास ठहर जाएगी।