नत्था ने तोड़े मनीष मानिकपुरी के अरमान?
व्यस्तता का दिया हवाला, संजय महानंद को मिला मौका

सिनेमा 36. इन दिनों सीजी फिल्म इंडस्ट्री का बुरा हाल चल रहा है। फिल्में नहीं चल रहीं लेकिन मेकर्स और आर्टिस्ट के वीडियो खूब चल रहे हैं। खैर, आज बात मनीष मानिकपुरी के अरमानों की। उन्होंने कभी सोचा था कि अपने मन की कोई फिल्म करेंगे तो नत्था उर्फ ओंकारदास मानिकपुरी को जरूर कास्ट करेंगे। आखिर वो वक्त भी आ गया जब उन्हें आरजे बस्तर जैसी फिल्म फिल्म मिली लेकिन नत्था ने न कर दिया। उनकी मनाही के पीछे मानदेय का कोई रोड़ा नहीं था क्योंकि मुंबईया कलाकारों को तो भर भरकर मानदेय दिए जाने की मानो पंरपरा सी चल पड़ी हो।
असल मुद्दा था बालों का। नत्था किसी फिल्म में काम कर रहे हैं जिसकी वजह से वे अपने बालों से छेड़छाड़ नहीं कर सकते। इसलिए उन्होंने दो टूक कह दिया कि उनसे न हो पाएगा। अब मनीष ने उनका ऑप्शन देखना शुरू किया। संभवतः वे अपने दोस्त जिसे वे टॉप 5 आर्टिस्ट में गिनते हैं, उनको लेकर विचार किया होगा, लेकिन विचारों का क्या। वे तो पल भर में इधर से उधर हो जाते हैं।
ऐसे में उनके जेहन में संजय महानंद का चेहरा घूमने लगा। उनकी कास्टिंग कर ली गई। हालांकि संजय महानंद की अदायगी और टाइमिंग का कोई सानी नहीं है लेकिन नत्था के आगे उनकी प्रसिद्धि बौनी ही है।
इस संबंध में मनीष मानिकपुरी कहते हैं, हर किसी का अपना एक समय होता है। नत्था का भी था और रहेगा। उनकी कोई व्यस्तता होगी। संजय भाई भी अभिनय की पाठशाला से कम नहीं हैं। उनके रहने से भी फिल्म को उतना ही फायदा होगा।