छत्तीसगढिया कलाकार बहुत प्रोफेशनल – प्रणय गर्ग
तोर मयारू–मोर मयारू की शूटिंग जारी

सिनेमा 36. इन दिनों राजधानी रायपुर के आसपास छत्तीसगढी फिल्म तोर मयारू–मोर मयारू की शूटिंग चल रही है। फिल्म के निर्माता प्रणय गर्ग और निशेष त्रिपाठी हैं। प्रणय गर्ग ने बताया कि वे मूल रूप से बिजनेसमैन हैं, अंबिकापुर से मुंबई पहुंचे। फिल्मों में रुचि होने के कारण अब फिल्म निर्माण के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। वे नीलजय फिल्म्स के बैनर तले फिल्मों का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने इससे पहले 2024 में रिलीज फिल्म लंतरानी का निर्माण किया था, जिसमें जॉनी लीवर और जितेंद्र कुमार नजर आए थे।
सवाल: आपका बैकग्राउंड क्या है?
जवाब: मैं मूल रूप से बिजनेसमैन हूं। फिल्मों में रुचि थी इसलिए फिल्म प्रोड्यूस कर रहा हूं।
सवाल: छत्तीसगढ के कलाकारों के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
जवाब: यहां के कलाकार बहुत प्रोफेशनल हैं। पारिवारिक माहौल में फिल्म का निर्माण चल रहा है और सभी बहुत सहयोग कर रहे हैं।
सवाल: आपने यहां के कलाकारों का चयन कैसे किया?
जवाब: हमने यहां के कलाकारों की फिल्में देखीं और यहां के लोगों की बात पर भरोसा किया। जब हमने यहां फिल्म बनाने के बारे में सोचा तो किसी ने मनीष मानिकपुरी जी का नंबर दिया। हालांकि वे उस समय व्यस्त थे, तो उन्होंने हमें राजेश अवस्थी जी का नंबर दिया। इस तरह हमने अपना प्रोजेक्ट लंतरानी पूरा किया। इस बार जब छत्तीसगढी फिल्म बनाने का विचार किया तो मनीष जी उपलब्ध थे तो उनके साथ काम शुरू किया।




